Main Attraction of the 11 days long Hitotsav (a 550th Birth Anniversary )of Shri Hit Harivansh Mahaprabhu.

हित की यहाँ उपासना हित के है हम दास।

हित विशेष राखत रहो चित नित हित की आस।।

श्रीराधावल्लभ संप्रदाय में सर्वोपरि हैं श्रीहित अर्थात प्रेम और प्रेम में स्वयं के सुख को भूल कर बस अपने प्रेमी के सुख की एकमात्र चाह रहती है। तत्सुखी लाड़भरी उपासना और यहाँ की रसरीति का मूल सिद्धांत है।


बहुत सी वाणीजी और पदों में इसके दर्शन होते है जहां सहचरी अपने प्रिया लाल के  आनंद के लिए  ही सब सेवा  लाड़  चाव से करती है। उनकी हर चेष्टा केवल उनके सुख के लिए ही होती है। इसी तरह गर्मी की ऋतु में प्रिया लाल जू को सुख पहुँचाने हेतु सखियाँ सुंदर सुंदर कुंजों की रचना जैसे की चंदन कुंज खस कुंज गुलाब कुंज आदि का निर्माण करती है जिससे प्रिया  लाल गर्मी की ऋतु में भी शीतलता का आनंद ले सकें। श्रीहितजी महाराज जब तक इस धरा धाम पे विराजे तब तक उन्होंने अपने युगल को लाड ही लड़ाया और आज उनके 550वें जन्मोत्सव पर सखियाँ उनके लाडले युगल श्रीराधावल्लभ लाल जी को लाड लड़ाने और उनके जन्मोत्सव को और भी हितमई बनाने में रमी हैं। सखियों के मन में सुंदर सुंदर कुंज रचना का भाव आया और श्री जी की अहैतुकी कृपा से ये भाव पूर्ण होने जा रहा है।  अक्षय तृतीया के पावन दिवस से श्रीजी महाराज इन सुंदर सुंदर कुंजों में विराजमान होंगे और ग्रीष्म ऋतु के लाड़ विलसेंगे। स्वयं भी आनंदित होंगे और हम सबको भी आनंदित करेंगे।

जब इन शीतल कुंजो में श्रीजी विराजमान होकर सबको दर्शन देंगे बहार से सबके नेत्र शीतल होंगे भीतर से सबके हृदय को शीतल करने वाले होंग

चंदन कुंज

सखियाँ ग्रीष्म ऋतु में प्रियालाल जू को शीतलता पहुँचाने के लिए सुखद कुंजों का निर्माण करती है। इसी श्रृंखला में अक्षय तीज के पावन दिवस पर चंदन कुंज का निर्माण किया जा रहा है। चंदन बहुत ठंडक प्रदान करता है  तो गर्मी की ऋतु में प्रियालाल की सेवा में चंदन का विशेष उपयोग किया जाता है। इस दिन प्रियालाल जी को चंदन का उबटन किया जाता है,चंदन का श्रृंगार ,चंदन से पत्रावली चंदन के ही वस्त्र धारण कराए जाते है। चंदन के वस्त्र  विशेष इस दिन के लिए ही तैयार किए जाते है। जिनमे वस्त्रों को चंदन से रंगकर फिर चंदन से ही उन वस्त्रों पर सुंदर कलात्मक चित्रकारी की जाती है। अक्षय तृतीया के पावन दिन से प्रियालाल नित्य संध्या के समय फूल  बंगले में विराजमान होते है और इस बार श्री हितजी महाराज के 550 वें जन्मोत्सव के उत्सव का शुभारंभ इसी दिन से हो रहा है तो श्रीजी महाराज विशेष चंदन कुंज में विराजमान होकर सबको दर्शन देंगे और अपने प्रेम के चंदन की भीनी सुगंध एवं शीतलता से सबके हृदय को शीतल करते रहेंगे।



पिय प्यारी चंदन चित्र कियें।

मानहूँ काम प्रेम के अंकुर सींचत दृष्टि दिये।

अति अभिलाष लाल ललना मिलि सीतल होत हियें।

श्री बिहारिनदास दंपति दुलरावत इह सुख सखी जियें।

 कमल कुंज

अक्षय तृतीया के अगले दिन से संध्या समय श्रीराधावल्लभ लाल जी महाराज सभी आभूषण पुष्पों के धारण करते हैं जिन आभूषणों को सखियां स्वयं अपने हाथों से तैयार करती हैं आभूषण के आकार सुंदर कलात्मक शैली में तैयार किए जाते हैं पहले उचित आकार के सांचों का निर्माण फिर उनमें हाथों से एक एक कली को चुनकर पिरोया जाता है अगले दो मास लगभग श्रीजी महाराज नित्य नवीन नवीन कलात्मक फूलन के ही आभूषण धारण करते हैं मानो सखियां अपने हृदय के प्रेम के फूल ही आभूषण के रूप में बना कर श्रीजी महाराज को निवेदित करती हैं ।

कमल का फूल सर्वश्रेष्ठ फूल माना जाता है क्योंकि ये बहुत सुंदर और कोमल होता है और इसकी गंध को महसूस करने के लिए बहुत एकाग्रता चाहिए रहती है इसलिए  हमारे प्रियालाल के श्रीअंगों की उपमा कमल से दी जाती है जैसे मुख कमल, कर कमल, चरण कमल  या नयन कमल और उनके इस रूप के  दर्शन उनमे लीन होकर एकाग्र होकर ही किए जा सकते है। इसी सुंदरता और कोमलता के भाव को ध्यान में रखते हुए सखियों के मन में इस बार प्रियालाल जी को कमल कुंज में विराजमान करने का भाव आया। नख से सिख तक सभी आभूषण कमल के आकार के बनाये हैं। जिन्हें पहन कर हमारे प्रिया लाल जी कमलमय हो जाएँगे। सारी कुंज कमल के फूलों से सजाई जाएगी और मध्य में हमारे ह्रदय कमल श्री राधावल्लभ लाल जी कमल आकर के आभूषण धारण कर सबको आनंदित करेंगे।


कमल कुंज आए प्रथम सहज रंग रस ऐंन।

अति सुरंग अंबुज दलनि रची तहां सखी सैन।।

 मीन कुंज

मीन प्रेम की पराकाष्ठा है जल में विहार करती है और जल का विछोह एक क्षण के लिए भी नहीं सह सकती। मीन हमे सन्देस देती है की प्रेम ही तो ऐसा जहाँ एक क्षण का वियोग भी प्राण घातक हो जाये। सखियों का प्रेम भी ऐसा ही होना चाहिये।जिस तरह मीन सागर में कलोल करती है इसी तरह सखियाँ इस रस के सागर में डूबी रहे आनंदित रहे इसी भँवर में डूबी रहे।बहुत से पद में लाल जी के प्रेम की उपमा मीन से दी गई है।  अपने इस प्रेम के भाव को प्रिया लाल जी तक पहुँचाने के लिए सखियों के मन में  उन्हें मीन कुंज में विराजमान करने का भाव आया। की बस जो निहारे वो मीन की तरह इनके रूप के सागर में कलोल करता रहे और कभी बाहर न आये। मीन आकृति के सुंदर सुंदर आभूषण धारण कर सखियाँ अपने लाड़ से इनके रूप सागर में गोता लगायेंगी।सखियों का मन मीन यही भाव लिए रहता है



प्रेम समुद्र रूप रस गहरे कैसें लागें घाट

रूप तरंगनि में परी अंखियां मीन अनूप।

सुरत सिंधु सुख झिलि रहे सांवल गौर सरुप।।

घन दामिनी कुंज

घन यानि मेघ और दामिनी यानि स्वर्णिम दमकती हुई आभा। हमारे लाल जी की अंग कांति मेघ जैसी है और प्रिया जी की स्वर्णिम दमकती हुई दामिनी जैसी इसीलिए हमारे बहुत से पद में प्रियालाल जी की उपमा घन दामिनी से हुई है  और इस से भी विशेष बात की घन और दामिनी सदा संग रहते है।उनका साथ सदा और सर्वदा के लिये है।  घन में ही दामिनी छिपी है और दामिनी में घन बस इस स्वरूप के दर्शन तभी होते है जब रस रूप जल इनमें भर जाता है।

इसी तरह हमारी रसरीति में प्रिया लाल जी सदा और सर्वदा संग है और रस पान के लिये सदा आतुर। इसी प्यारे से भाव के दर्शन इस घन दामिनी कुंज में होंगे। घन दामिनी दो होते हुए भी एक है इसी तरह हमारे प्रिया लाल जी भी एक ही है। इस कुंज में स्वर्ण सी दमकती आभा के साथ साथ मेघ सी शीतलता के दर्शन भी होंगे। कितनी अद्भुत होगी यह कुंज।



प्यारे बोली भामीनी आजु नीकी जामिनी भेंटु नवीन मेघ सौँ दामिनी।

मोर कुंज 

मोर हमारे प्रियालाल को बहुत प्रिय है। लाल जी को तो विशेष। वो तो इसके पंख को अपने श्री मस्तक पर धारण करते है। ब्रज लीला में तो दर्शन होते है की लाल जी स्वयं मोर का रूप धारण कर प्रिया जी को अपने मोर की तरह ही नृत्य से रिझाते है। और जब लाल जी  हमारी प्रिया जी को निहारते है तो जैसे वर्षा ऋतु के आगमन पर मोर नृत्य करने लगता है वैसे ही प्रिया जी के रूप की वर्षा में लाल जी का मन रूपी मोर नृत्य करने लगता है। इसी भाव को कुंज का स्वरूप देते हुए सखियों के  मन में प्रिया लाल जी को मोर कुंज में विराजमान करने का भाव आया।

उनके आस पास सुंदर सुंदर मोर, मोर पंख के वस्त्र ,मोर आकार के आभूषण, वेणी जी में मोर नृत्य कर रहे होंगे,श्री मस्तक पर,श्रवण कुंडल पर ,कर कमल में सब मोर ही नृत्य कर रहे होंगे और हमे ये आभास होगा की प्रिया जी को निहार कर लाल जी मन मयूर नृत्य कर रहा है। दोनों प्रियालाल को प्रसन्न देख के सखियों का मन मयूर भी आनंद में झूम रहा है।



श्याम घटा उमड़ी चहुं ओरनि पावस की ऋतु आई सुहाई।

नाचत मोर मयूरी बिनोद सौं आनंद की वर्षा वर्षायी।।

कपूर कुंज

कपूर की  दो विशेषताएँ होती है एक तो इसकी सुगंध और दूसरा इसकी शीतलता। कपूर का प्रभाव ऐसा है की अल्प मात्रा में भी इसे किसी पदार्थ में मिलाया जाए तो यह अपनी सुवास का प्रभाव पूरे पदार्थ में मिला देता है। कपूर प्रेम के जैसा ही है तप्त हृदय को प्रेम ही शीतल करता है प्रेम की सुगंध से ही हृदय का बाग सुगंधित रहता है।  हम प्रियालाल के लिए कुछ भी सेवा करें उसमें प्रेम की पुट अवश्य रहनी चाहिए प्रेम मिला हो तो ही पदार्थ उनको स्वीकृत है प्रेम के बिना 56 भोग भी वे नहीं देखते ।

गर्मी की ऋतु में कपूर की सुगंधित शीतल कुंज बना कर सखियां प्रियालाल को विराजमान करके अपने प्रेम का छिड़काव करेंगी कपूर की तरह सखियों का प्रेम कुंज के हर एक पदार्थ फूल फल सज्जा रचना भोग राग आदि में मिला रहेगा और प्रियालाल के हृदय को शीतल करेगा।



ग्रीष्म की ऋतु जानि सहेलिनु कंज कपूर की कुंज बनाई।

चंदन चंद के खम्ब रचे दल कोमल रंग सुरंगनी छाई।।

उज्ज्वल सेज सुरंग सुहावनी वारी गुलाब सौं लै छिरकायी।

राजत हैं ध्रुव लाड़िली लाल बिनोद कौ मोद बढ्यौ अधिकाई।।

शुक कुंज (keer Kunj)

बहुत सी लीला में ऐसे दर्शन होते है की श्री जी के संग उनकी एक शुक (तोता) सखी होती है। वह शुक श्रीराधा जी को कृष्ण नाम श्रीकृष्ण को राधा नाम मधुर स्वरों में गाकर रिझाती है , श्रीप्रियाजी अक्सर एकांत में शुक से अपने मन की हर बात करती है। लाल जी के प्रति अपने भाव भी शुक से कहती है।मंगला पूर्व सखियाँ शुक सखी  को ही निज कक्ष में भेजती है प्रिया लाल को जागने  का संकेत देने के लिए। ये कुंज सखियों ने प्रिय जी की प्यारी सखी शुक से सजाई है। इस कुंज को निहार कर प्रिया जी प्रसन्न होकर अपनी निज बातें जब शुक से करेंगी तो सब आनंदित होंगे।  पूरी कुंज में बहुत सारे शुक , श्रवण कुंडल में भी जब शुक आकार के धारण करेंगी तो ऐसे दर्शन होंगे मानो शुक उन के कान में कुछ कह रहा  है। अहा अद्भुत दर्शन और सखियों का लाड़ होगा इस कुंज में।



रोचक रुचिर बहे त्रिविध समीर।

मुकुलित नूत नदत पिक किर।।

पावन पुलिन घन मंजुल निकुंज।

किसलय शयन रचित सुख पुंज।।

सखी कुंज

सब कुंज की रचयिता प्रियालाल जी की निज सखियाँ जो चकडोरी  (lattu) सी घूमती रहती है आठों पहर प्रियालाल के आज पास यही चाह लिए कि उनको कैसे सुख पहुँचाए। उनके मन के सब भाव जान कर उनकी रुचि के अनुसार सब व्यवस्थित करने में ही आनंद प्राप्त करती है। हर ऋतु के अनुसार लाड़ सेवा श्रृंगार भोग राग सब ध्यान रखती है। हर सखी की एक निज सेवा है निज स्वरूप है। प्रिया लाल जी से अंतरंग संबंध है। इसी अपने पन के भाव का दर्शन इस कुंज में होगा। जहां लालितादिक सहचरी अपने अपने निज स्वरूप में अपनी निज सेवा करती हुईं अपने युगल को रिझायेंगी। इस कुंज की शोभा तो देखते ही बनेंगी क्योंकि प्रियलाल जी अपने निज सखी परिकर संग विराजमान होकर उनकी निज सेवा का आनंद लेंगे। और हम सबको भी आनंदित करेंगे।



सखी चहुं  कोद फिरै चकडोरी सी सेवा कौ चाव बढ्यौ मन माहीं।

सौंज सिंगार नई नई आनत मानत नैकहू हारत नाहीं।।

प्रेम पगी तेही रंग रंगी निरखैं तिनकों तनकौं अघाहीं।

और सवाद लगे ध्रुव फीके रहे विबि रूप के छत्र की छाँहीं।।

सम्पूर्ण कुंज

हितोत्सव के दिन पूर्ण प्रेम की रसमूल श्री वंशी जी का प्रागट्य है। निकुंज वन का कण कण इस उत्सव की बधाई में झूम रहा है अपने प्रियालाल को उमंग कर बधाई दे रहा है।

यमुना जी की लहरें तरंगित हैं समस्त लताएं प्रफुल्लित हैं फल फूल फूलित हो रहे हैं। मोर तोता कोयल भ्रमर  गिलहरी खरगोश आदि मृग मीन हंस आदि सभी निकुंज में प्रियालाल  के समीप विराजमान हैं कोई न कोई भेंट लिए हैं उत्सव की बधाई रूप में देने को। कमल गुलाब जूही चंपा सभी प्रियालाल पर न्यौछावर हो रहे हैं। सबके संग आकाश में मेघ मधुर ध्वनि करके गरज रहे हैं दामिनी को चमक करते हुए मानो श्रीहित जी महाराज के जन्म बधाई में मंगल शंख नाद कर रहे हों।

हंस हंसिनी भी मगन होकर कलोल कर रहे हैं। सखियां अपनी विविध सेवा सौंज लिए सेवा परायण हैं चंदन पंखा माला जल इत्र चंवर गीत वाद्य आदि सभी एक रस मिलकर हित के उत्सव की मंगल बधाई मना रहे हैं। प्रियालाल परम आनंदित हैं फूले नहीं समा रहे ।

हों भी क्यों न उनकी प्यारी हित सजनी वंशी का जन्म दिवस जो है हित निकुंज का आत्मा तत्व है निकुंज अगर देह है तो हित उस देह का प्राण है सभी हितमय होकर उस हित के लिए आज कृतज्ञ हैं। यही पूर्ण निकुंज में दर्शन होगा जहां सब कुछ हित ही हित है।

आपका हित मेरा हित सबका हित यही पूर्णता की पराकाष्ठा है की हम सब इस हित के राज्य में सम्मिलित हों हित के ही रंग में रंग जाएं यही हितोत्सव है सबके हृदय बोल पड़े हिए सिराने सबन के ||



यही हित प्यास का सागर यही हित प्रेम का दरिया।

यही है खेल श्रीवन का खिलाड़ी खेलने वाला।।

यही हित प्रेम बेली है यही राधा सहेली है।

यही मोहन की वंशी है यही राधा प्रसंसी है।

गुलाब कुंज

गुलाब के फूल को अनुराग अर्थार्थ प्रेम की नवीन अवस्था का प्रतीक माना जाता है।

हमारे यहाँ तो प्रेम की ही उपासना है। सबसौ हित ही हमारे सम्प्रदाय का मूल है। प्रिया लाल जी सहचरी सब प्रेम मय सहचरी जन की एक एक चेष्टा प्रेम और लाड़ से परिपूर्ण होती है इनका प्रेम प्रति क्षण बढ़ते रहने पर भी नित नवीन बना रहता है। अपने इसी प्रेम के भाव को उन तक पहुँचाने के लिए सखियों ने अनुराग से रंगी गुलाब कुंज की रचना की है। जहां गुलाबों की कुंज के मध्य हमारे दो गुलाब प्रिया लाल जी गुलाबी वस्त्र गुलाब के आभूषण शृंगार धारण कर सखियों के अनुराग को अंगीकार करेंगे और अपना प्रेम हम सब पर बरसायेंगे।


फूलन कुंज गुलाब की बनक बनी अति सोहै फूलन सौं बैठी प्रिया , लाल तहां छवि जोहे।

Comments

Popular posts from this blog

Shri Radhavallabh Lal ji looks at our Priya ji

Main attraction of the Hitotsav, to please Shri Radhavallabh Lal